रांची: झारखण्ड हिन्दी साहित्य संस्कृति मंच की आम सभा रविवार को होटल सिटी पैलेस के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में मंच के बजट को ध्वनिमत से अनुमोदित किया गया।
आम सभा के बाद झारखण्ड के प्रसिद्ध उद्यमी, समाजसेवी और साहित्य-संस्कृति अनुरागी स्व. हनुमान सरावगी की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इसी अवसर पर हिमकर श्याम द्वारा सम्पादित ई-पत्रिका 'दूसरी आवाज' के चौथे अंक का विमोचन भी किया गया।
समारोह की अध्यक्षता मंच के कार्यकारी अध्यक्ष निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव ने की। उन्होंने मंच की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उसके सुदृढ़ीकरण और विकास के लिए सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, रिंकू बनर्जी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' भजन से हुआ। मंच के सचिव विनोद सिंह 'गहरवार' ने कवियों और प्रबुद्धजनों का स्वागत किया। मंच के संरक्षक विनय सरावगी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव ने हनुमान सरावगी के विराट व्यक्तित्व, उद्यमशीलता और सामाजिक-सांस्कृतिक अवदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। डॉ. जंग बहादुर पाण्डेय ने सरावगी जी से जुड़े संस्मरण साझा किए और उनकी दानशीलता पर प्रकाश डाला। संरक्षक विनय सरावगी ने अपने पिता की साहित्यिक यात्रा और सामाजिक-राजनीतिक योगदान के अनछुए प्रसंगों को साझा किया।
जयंती के अवसर पर कवि गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें संजय 'सरस', डॉ. सुरिन्दर कौर 'नीलम', सुनीता अग्रवाल, रेणु त्रिवेदी मिश्र, आत्मेश्वर झा, प्रतिभा सिंह, सूरज श्रीवास्तव, डॉ. अंजेश कुमार, डॉ. विनय कुमार पाण्डेय, रेणु झा 'रेणुका', रेणु बाला धार, राज रामगढ़ी, हिमकर श्याम, नेहाल हुसैन सरैयावी, प्रज्ञाकांत पाठक, विकास वर्द्धन, डॉ. निराला पाठक, पंकज सिंह, असीत कुमार, कृष्णा विश्वकर्मा 'बादल', डॉ. वैद्यनाथ मिश्र और विनोद सिंह 'गहरवार' ने काव्य पाठ किया।
कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव डॉ. वैद्यनाथ मिश्र ने किया। इस अवसर पर कमलेश्वर प्रसाद, शिवचन्द्र प्रसाद, निरंजन कुमार श्रीवास्तव और संजय कुमार वर्मा समेत कई साहित्यप्रेमी उपस्थित थे। उपाध्यक्ष असीत कुमार के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ समारोह सम्पन्न हुआ।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment