रांची : झारखंड चैँबर के सत्र 2026-27 का चुनाव रविवार को हुआ। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक शांतिपूर्ण हुए चुनाव का परिणाम शाम पौने आठ बजे चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा ने घोषित की। टीम तुलसी के 13 और टीम मुकेश के 8 प्रत्याशी विजयी रहे। वहीं, टीम पी21 के कोई भी प्रत्याशी ने जीत दर्ज नहीं की की। सर्वाधिक 1827 वोट मुकेश अग्रवाल को प्राप्त हुआ। दूसरे नंबर पर 1742 वोट लाकर डॉक्टर अभिषेक रामाधीन रहे। तीसरे और चौथे में क्रमश: प्रवीण लोहिया 1725 और तुलसी पटेल 1622 वोट लाए। इसके बाद विनिता सिंघानियां ने 1597 वोट लाया।
तीन प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध, तीन प्रमंडलों उपाध्यक्ष का हुआ चुनाव पलामू से अमित कुमार जायसवाल, साउथ छोटानागपुर से दामोदर कुमार कसेरा और आकाश पांडेय संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चुने गए। वहीं, तीन प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के निर्विरोध चयन की भी घोषणा की जा चुकी हैं। इनमें अमरजीत सिंह सलूजा कोयलांचल, विजय आनंद मूंका कोल्हान और विनय कुमार अग्रवाल नॉर्थ छोटानागपुर प्रमंडल से निर्विरोध चुने गए हैं।
चैंबर चुनाव में बढ़ा मतदान, 68 फीसदी सदस्यों ने डाला वोट
2860 सदस्यों ने किया मतदान, पिछले साल के मुकाबले 5.91 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी रांची: झारखंड चैंबर के सत्र 2026-27 का चुनाव हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में संपन्न हुआ। चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और सह चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि कुल 4214 सदस्यों में से 2860 ने मतदान किया। इस बार मतदान का प्रतिशत 68 रहा। नतीजे घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जश्न मनाया। चैंबर चुनाव में पिछले दो वर्षों से मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2024 में 3798 सदस्यों में से 2171 ने वोट दिया था, जो 57.16 प्रतिशत था। वर्ष 2025 में 4070 सदस्यों में से 2527 ने मतदान किया और यह आंकड़ा 62.09 प्रतिशत पहुंच गया। इस वर्ष यह बढ़कर 68 प्रतिशत हो गया। इस तरह दो साल में मतदान प्रतिशत में करीब 11 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है। चुनाव में सदस्यों की बढ़ती भागीदारी को संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और रुचि बढ़ने का संकेत माना जा रहा है।
दोपहर बाद बढ़ी मतदाताओं की भीड़
मारवाड़ी भवन के बाहर प्रत्याशियों के स्टॉल, समर्थकों ने की वोट की अपील चैंबर चुनाव को लेकर राज्यभर से व्यापारी मतदान स्थल पहुंचे। सुबह से ही मतदाताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, लेकिन दोपहर तक भीड़ कम रही। दोपहर 12 बजे के बाद मतदाताओं की संख्या बढ़ने लगी और मतदान केंद्र पर कतार लग गई। मारवाड़ी भवन के मुख्य गेट के बाहर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने मोर्चा संभाल रखा था। प्रत्याशियों ने टेंट लगाकर मतदाताओं से संपर्क किया। समर्थक बैनर, पंपलेट और कार्ड के जरिए अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए। प्रवेश के लिए बनाई गई गैलरी के दोनों ओर भी प्रत्याशी और समर्थक खड़े थे। मतदाताओं को रिझाने के लिए प्रत्याशी अलग-अलग अंदाज में नजर आए। कोई पैर छूकर आशीर्वाद ले रहा था तो कोई कह रहा था, “भइया और चाचा, ध्यान दीजिएगा।
नौ महिलाओं में छह ने जीत दर्ज की
इस बार सर्वाधिक महिलाएं भी चुनाव मैदान में थीं। कुल नौ महिलाएं मैदान में थीं- ज्योति कुमारी, विनीता सिंघानिया, आस्था किरण, पूजा ढाढा, मोनिका गोयनका, निधि झुनझुनवाला, पूनम आनंद, प्रमिला कुमारी व माला कुजूर हैं। इनमें तीन को हार का सामना करना पड़ा। इनमें पूनम आनंद, प्रमिला कुमारी व माला कुजूर के नाम शामिल हैं।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment