रांची: (वि) झारखंड में शिक्षा और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए एसयूडी लाइफ की सीएसआर पहल के तहत कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। प्रोजेक्ट जीवनधारा के तहत गुमला के 112 सरकारी स्कूलों में गुमला जिला प्रशासन और एडटेक प्लेटफॉर्म फिलो के सहयोग से डिजिटल लर्निंग, एआई आधारित शैक्षणिक सहायता और वन-टू-वन लाइव ट्यूशन की सुविधा शुरू की गई। इसके बाद कक्षा 10 के जेएसी बोर्ड परिणामों में गुमला की रैंक 20वें से बढ़कर राज्य में पहले स्थान पर पहुंच गई, जबकि कक्षा 12 विज्ञान में जिला 21वें से दूसरे स्थान पर पहुंचा। विज्ञान का उत्तीर्ण प्रतिशत भी 2024 के 50.2 प्रतिशत से बढ़कर 2026 में 91 प्रतिशत हो गया। छात्रों ने इस दौरान 19,300 से अधिक ऑनलाइन लर्निंग सत्र पूरे किए।
एसयूडी लाइफ के एमडी एवं सीईओ अभय तिवारी ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों और शिक्षकों के प्रयासों का परिणाम है और कंपनी इस मॉडल को अन्य आकांक्षी जिलों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं एसयूडी लाइफ फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी राकेश कुमार ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच बढ़ाने और दीर्घकालिक सामाजिक प्रभाव के लिए सरकार व स्थानीय समुदायों के साथ साझेदारी पर जोर दिया। इसके अलावा स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं, पेयजल, स्वच्छता, सौर ऊर्जा और वर्षा जल संचयन जैसी सुविधाओं को मजबूत किया गया है। प्रोजेक्ट धरती के तहत डुमरी प्रखंड के छह गांवों में सिंचाई सुविधाओं के विकास से बहुफसली खेती और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी काम किया गया है। कंपनी के अनुसार इन पहलों से ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। डिजिटल माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता भी मिल रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। शिक्षा और आजीविका से जुड़ी इन पहलों को लंबे समय तक जारी रखने की दिशा में काम किया जा रहा है।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment