भारत की राष्ट्रपति ने झारखंड के उद्यमी और ‘द ओपन फील्ड’ के संस्थापक कुमार अभिषेक उरांव को जनजातीय कार्य मंत्रालय की ‘ट्राइबप्रेन्योर्स आइडिया क्वेस्ट’ में उनके उद्यम को मिले प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम और केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके भी उपस्थित थे। खूंटी से शुरू हुए इस उद्यम की राष्ट्रीय पहचान झारखंड में आदिवासी नेतृत्व वाली तकनीकी उद्यमिता की संभावनाओं को सामने लाती है। आदिवासी समुदाय से आने वाले कुमार वन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तकनीक के उपयोग और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने पर काम कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि गांवों के युवा और महिलाएं आधुनिक उपकरणों तथा डिजिटल प्रणालियों की मदद से स्थानीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर सकें और अपने उद्यम चला सकें।
तकनीक से बदल रही वन आधारित अर्थव्यवस्था
द ओपन फील्ड में वे रणनीति, वित्त, साझेदारियों और गांव स्तर के सूक्ष्म उद्यमी मॉडल को आगे बढ़ाने में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। कुमार द्वारा स्थापित द ओपन फील्ड एक क्लाइमेट-टेक और एग्री-टेक उद्यम है। इसके काम का तकनीकी आधार ‘अयन’ सौर डिहाइड्रेटर और ‘फॉरेस्ट ओएस’ डिजिटल प्लेटफॉर्म हैं। इन तकनीकों के माध्यम से प्रसंस्करण, गुणवत्ता की निगरानी और उत्पाद के स्रोत से खरीदार तक की जानकारी को जोड़ा जा रहा है। अयन सौर ऊर्जा से वन उपज और कृषि उत्पादों को नियंत्रित परिस्थितियों में सुखाने में मदद करता है। इसके इंटरनेट से जुड़े सेंसरयुक्त मॉडल में तापमान, नमी, वजन और प्रसंस्करण समय जैसे आंकड़े दर्ज होते हैं।
दूर से निगरानी और प्रत्येक बैच का डिजिटल रिकॉर्ड संचालकों को गुणवत्ता सुधारने, प्रक्रिया संबंधी निर्णय लेने तथा उपज का नुकसान कम करने में सहायता देता है। फॉरेस्ट ओएस के माध्यम से पेड़ों की जियो-टैगिंग कर उन्हें संबंधित परिवारों से जोड़ा जाता है। उपज, प्रसंस्करण और बिक्री के रिकॉर्ड को जोड़ने से संसाधनों की उपलब्धता और परिवारों की आजीविका में उनके योगदान को समझने में मदद मिलती है। यह प्रणाली खरीदारों तक उत्पाद के स्रोत और प्रसंस्करण की जानकारी पहुंचाने का आधार भी तैयार करती है। भविष्य में कार्बन और जैव विविधता के आकलन के लिए डेटा प्रणाली विकसित करने पर भी काम जारी है।
महिलाओं और युवाओं के लिए उद्यमिता के अवसर
कुमार के काम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा स्थानीय सूक्ष्म उद्यमियों को तैयार करना है। इस मॉडल में गांव की महिलाएं और युवा प्रसंस्करण इकाइयां संचालित करते हैं। द ओपन फील्ड उन्हें तकनीक, प्रशिक्षण, डिजिटल रिकॉर्ड रखने की सुविधा और बाजार संपर्क उपलब्ध कराता है। उद्देश्य है कि मूल्यवर्धन और उद्यम संचालन से मिलने वाले अवसर स्थानीय समुदायों तक पहुंचें। उद्यम के अनुसार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में इसकी 10 अयन इकाइयां संचालित हैं और इसके कार्य से 5000 से अधिक आदिवासी उत्पादक जुड़े हैं। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से 500 से अधिक महिलाओं और युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है तथा 25 स्वयं सहायता समूहों के साथ काम किया गया है। लगभग 150 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले 4,500 पेड़ों की निगरानी भी की जा रही है।
आदिवासी उद्यमिता को मिला राष्ट्रीय सम्मान
राष्ट्रपति के हाथों कुमार को मिला यह सम्मान झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों से विकसित हो रहे तकनीकी समाधानों की ओर ध्यान आकर्षित करता है। उनकी उद्यम यात्रा स्थानीय ज्ञान, स्वच्छ ऊर्जा और डिजिटल तकनीक को जोड़कर आदिवासी क्षेत्रों में आजीविका तथा उद्यमिता के अवसर बढ़ाने का एक उदाहरण प्रस्तुत करती है। खूंटी के कुमार अभिषेक उरांव का सफर विमानन प्रशिक्षण, मीडिया और प्रबंधन से होते हुए उद्यमिता तक पहुंचा है। उन्होंने ने सिम्बायोसिस, पुणे से एमबीए किया है और वे एक्यूमेन इंडिया फेलो 2026 हैं। कुमार ने बिग एफएम और रेडियो वन में रेडियो जॉकी तथा बीबीडीओ प्रॉक्सिमिटी और डिस्कवरी में प्रबंधकीय भूमिकाओं में काम किया है।
आदिवासी समुदाय से आने वाले कुमार ने प्रबंधन की अपनी शिक्षा को ग्रामीण उद्यमिता और समुदाय आधारित विकास से जोड़ा है। उनका ध्यान ऐसे स्थानीय उद्यमी तैयार करने पर है, जो तकनीक की मदद से अपने गांवों में कारोबार चला सकें, रोजगार के अवसर बढ़ा सकें और वन आधारित अर्थव्यवस्था में अधिक भागीदारी हासिल कर सकें।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment