डिजिटल तकनीक ने जिंदगी को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराध का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। एक गलत क्लिक, संदिग्ध लिंक पर भरोसा या जल्दबाजी में साझा की गई निजी जानकारी किसी को भी साइबर ठगी का शिकार बना सकती है। इसी विषय को लेकर रोटरी क्लब ऑफ रांची की आयोजित फेलोशिप मीटिंग में साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता पर विशेष सत्र आयोजित किया गया।
“थिंक बिफोर यू क्लिक” विषय पर आयोजित सत्र को 366Pi कंसल्टिंग और FloCard के सीईओ अमितेश आनंद ने संबोधित किया। अपने संबोधन में अमितेश आनंद ने बढ़ते साइबर फ्रॉड, डिजिटल पहचान की चोरी, ऑनलाइन ठगी और निजता से जुड़े खतरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुरक्षा केवल तकनीक पर निर्भर नहीं करती, बल्कि हमारी रोजमर्रा की सावधानी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने फर्जी ऑनलाइन पहचान, पेमेंट फ्रॉड, पासवर्ड फ्रॉड और साइबर अरेस्ट जैसे उदाहरणों के जरिए लोगों को सतर्क किया।
उन्होंने कहा कि तकनीक के साथ साइबर अपराध के तरीके भी लगातार बदल रहे हैं। इसलिए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, निजी जानकारी साझा करने या ऑनलाइन भुगतान करने से पहले उसकी पुष्टि करना जरूरी है। उन्होंने डिजिटल सुरक्षा का मूल मंत्र बताते हुए कहा, “क्लिक करने से पहले रुकें, विश्वास करने से पहले जांचें और साझा करने से पहले सुरक्षित करें।”
अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा हर व्यक्ति की जरूरत बन गई है। छोटी-सी लापरवाही से बड़ी आर्थिक और व्यक्तिगत क्षति हो सकती है। “थिंक बिफोर यू क्लिक” जैसे जागरूकता कार्यक्रम लोगों को सतर्क और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करेंगे।
धन्यवाद ज्ञापन में पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि बढ़ते साइबर खतरों के बीच यह जागरूकता सत्र सदस्यों के लिए काफी उपयोगी रहा। उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया में सुरक्षा की शुरुआत किसी तकनीक से नहीं, बल्कि सही समय पर लिए गए एक सावधान निर्णय से होती है।
इस अवसर पर पूर्व गवर्नर जोगेश गंभीर, सचिव शालिनी सिंघानिया, भंडारी लाल, शाहिद पाल, मुकेश तनेजा, सुमित अग्रवाल, एनके मखीजा, अनुराग गुप्ता, पवन जायसवाल, डॉ अनिल पांडेय, रमेश धरनिधरका, अजय साबु, प्रियंका त्रिपाठी, डॉ विनय ढांढनिया, अतुल अग्रवाल, मनोहर लाल, विनोद कुमार, डॉ सतीश मिढ़ा, कनिका मल्होत्रा, शिखा गुप्ता, हर्मिंदर सिंह, प्रकाश सरावगी, गौरव प्रशांत, डॉ अनंत कुमार, विनोद कुमार, जशदीप सिंह, गिरीश अग्रवाल उपस्थित थे।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment