पंकज वत्सल
'मिलेट' शब्द का इस्तेमाल उन खाद्यान्न फसलों के लिए किया जाता है जिनकी खेती कमजोर एवं अनुपजाऊ भूमि में जहां वर्षा कम होती है, वहां की जाती है। हमारे झारखंड में धान के लिए अनुपयुक्त क्षेत्रों में अक्सर मिलेट की ही खेती की जाती है। दानों के आकार के आधार पर मोटे अनाजों को दो भागों में बाँटा गया है। पहला मोटा अनाज जिसमें ज्वार और बाजरा आते हैं। दूसरा लघु अनाज जिसमे बहुत छोटे दाने वाले मोटे अनाज जैसे मड़ुआ, कंगनी, गुंदली, कोदो, कुटकी, चीना, सावां आदि आते हैं।
पोषक तत्वों से भरपूर हैं मोटे अनाज
आयुर्वेद और विज्ञान के अनुसार मिलेट्स का नियमित सेवन स्वास्थ्य के लिए उत्तम आहार माना गया है। मिलेट को पोषकतत्वों का पॉवरहाउस बताया गया है। इनके सेवन से शरीर के लिए आवश्यक सभी पोषक तत्व हमारे शरीर में प्राकृतिक तरीके से पहुंचते हैं। इसलिए हमें विटामिन्स या मिनरल्स को दवा के रूप में लेने की आवश्यकता नहीं रहती। इतना ही नहीं, हमें जितनी मात्रा में इनकी जरूरत होती है हमारा शरीर उतनी मात्रा को अवशोषित कर लेता है और बाकी को मल के रूप में बाहर निकाल देता है। इस प्रकार इनका सेवन हमें दवा खाने के साइड इफेक्ट से भी बचा सकता है और हमारे शरीर के प्रमुख अंग जैसे किडनी, लिवर और इम्यून सिस्टम अच्छे से कार्य करने लगते हैं। इन मोटे अनाजों में रेशा, खनिज लवण, वसा आदि पोषक तत्व गेहूं, चावल, मक्का से अधिक होते हैं।
फाइबर से भरपूर मिलेट्स वजन प्रबंधन में मददगार
वर्तमान में मैदा या मैदे से बने प्रोडक्टस का अधिक प्रयोग किया जाता है जो मधुमेह का कारण बनता है। इसलिए फाइबरयुक्त भोजन करना चाहिएI मिलेट यानी पॉजिटिव ग्रेन्स फाइबरयुक्त होते हैं और डायबिटीज के इलाज में और इससे बचाने में मददगार साबित होते हैं । हम जब मुख्य भोजन में मिलेट का सेवन करते हैं तो फाइबर और ट्रिप्टोफैन के कारण वह धीमी गति से पचता है। इससे पेट लम्बे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे हम ज्यादा खाने से बच जाते हैं और मोटापा या वजन घटाने में मदद मिलती है।
दिल की सेहत और त्वचा के लिए भी उपयोगी
शरीर की फाइबर की दैनिक आवश्यकता की पूर्ति के लिए भी मिलेट समर्थ है। हमारे शरीर को प्रतिदिन 38 ग्राम फाइबर की आवश्यकता होती है। जब दिन के तीन समय के भोजन में मिलेट का सेवन किया जाता हैं तो हमें 25 से 30 प्रतिशत फाइबर की मात्रा प्राप्त हो जाती हैI बाकी की मात्रा हम दाल, सब्जी, फ्रूट, सलाद आदि से प्राप्त हो जाती है ।
इसमें मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे महत्वपूर्ण पोषकतत्व पाए जाते हैं जो कोलेस्ट्रॉल लेवल को बढ़ने से रोकते हैं व ब्लडप्रेशर को भी नियंत्रित करने में मददगार होते है। जिसके कारण ह्रदय से जुड़े रोगों से बचने में मदद मिलती है और दिल स्वस्थ एवं मजबूत रहता है।
यह नियासिन और विटामिन बी का भी अच्छा स्रोत है। इसका नियमित सेवन करना शरीर को ऊर्जा प्रदान करने में लाभदायक होता है। मिलेट में एंटीऑक्सीडेंट्स तत्व पाए जाते हैं जो शरीर में फ्री रेडिकल्स के प्रभाव को कम करते हैं जिससे उम्र बढ़ने के लक्षणों को रोकने में मदद मिलती है। यह स्किन के मलिनीकरण की प्रकिया को धीमी करता है । यह अमीनो एसिड का भी अच्छा स्रोत है जो शरीर में कॉलेजन निर्माण में सहायक होता है। कोलेजन स्किन के लिए ऊतकों को सरंचना देने का कार्य करते हैं जिससे स्किन में लचीलापन बढ़ता है और झुर्रियां कम होती हैं।
श्रीअन्न से तैयार हो सकते हैं कई स्वादिष्ट व्यंजन
देश के प्रधानमंत्री ने मिलेट्स को श्रीअन्न का नाम दिया है और वर्ष 2023 को अन्तर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष के रूप में मनाया गया। दशकों तक उपेक्षित रहे ये मिलेट्स (मडुआ को छोड़कर) अभी सुपर स्टोर्स में 250-300 रुपये किलो बिक रहे हैं। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में पिछले चार दशकों से आइसीएआर के सहयोग से अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना चल रहे है जिसके अंतर्गत इन फसलों को बढ़ावा देने का काम चल रहा है। चावल, गेहूँ, मक्का एवं चना की तरह मिलेट्स से भी पौष्टिक रोटी, भात, धुसका, ढोकला, मुठिया, चीला, इडली, डोसा, खीर, बर्फी, गुलगुला, मालपुआ, हलवा, लड्डू, बिस्कुट, कुकीज, सेव, पास्ता, चाउमीन, मैकेरोनी, सेवई, सेव, निमकी, मट्ठी, केक, मुफिन, ब्रेड, पापड, सत्तू, पौष्टिक पेय आदि कई पौष्टिक और सुस्वादु व्यंजन बनाये जा सकते हैं। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान विभाग में पिछले दो दशकों से मडुआ के कई प्रकार के व्यंजन बनाए और बेचे जा रहे हैं।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment