फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के सत्र 2026-27 के कार्यकारिणी समिति एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। नामांकन के पहले दिन कुल 42 नामांकन प्रपत्र प्राप्त हुए। चुनाव को लेकर चैंबर सदस्यों और संभावित प्रत्याशियों के बीच गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद प्राप्त सभी नामांकन प्रपत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। इसके बाद वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
21 सदस्यीय कार्यकारिणी और छह क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद
FJCCI के इस चुनाव में 21 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के साथ-साथ झारखंड के छह प्रशासनिक प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पदों के लिए भी चुनाव होगा। चुनाव की तैयारियों के साथ विभिन्न पदों के लिए संभावित प्रत्याशियों ने चैंबर सदस्यों से संपर्क और समर्थन जुटाने की कवायद तेज कर दी है। FJCCI की कार्यकारिणी समिति की बैठक में चुनाव की तारीखों को अंतिम रूप दिया गया था। इसके अनुसार 12 सितंबर 2026 को झारखंड चैंबर की 62वीं वार्षिक आमसभा होगी, जबकि सत्र 2026-27 के कार्यकारिणी समिति एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पदों के लिए मतदान 13 सितंबर 2026 को रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में कराया जाएगा।
नामांकन के लिए DIN जरूरी
चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और को-चेयरमैन पवन शर्मा ने बताया कि प्रत्याशियों के लिए नामांकन प्रपत्र के साथ वैध DIN (Director Identification Number) देना अनिवार्य है। DIN के बिना नामांकन को वैध नहीं माना जाएगा। इसके अलावा नामांकन के साथ DIR-2 और DIR-8 फॉर्म भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा करना होगा। नामांकन पत्र सीलबंद लिफाफे में निर्धारित शुल्क के साथ जमा किया जाना है। नामांकन शुल्क 5,900 रुपये निर्धारित है, जिसमें 18 प्रतिशत GST भी शामिल है।
कौन लड़ सकता है चुनाव और कौन कर सकता है मतदान?
चुनाव में कार्यकारिणी समिति या क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनने वाले सदस्यों के लिए न्यूनतम एक वर्ष की सदस्यता की शर्त रखी गई है। वहीं, प्रत्याशी के प्रस्तावक और समर्थक के रूप में केवल चैंबर के प्रत्यक्ष सदस्य ही भाग ले सकेंगे। मतदान के लिए भी सदस्यता की अलग-अलग पात्रता निर्धारित की गई है। कम से कम 30 दिन पहले सदस्य बने लाइफटाइम सदस्य मतदान के पात्र होंगे, जबकि अन्य श्रेणी के सदस्यों के लिए न्यूनतम 90 दिनों की सदस्यता की शर्त रखी गई है।
13 सितंबर को होगा मतदान
नामांकन, स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ होगी। इसके बाद प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए सदस्यों से संपर्क करेंगे। FJCCI की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार 12 सितंबर को 62वीं वार्षिक आमसभा और इसके अगले दिन 13 सितंबर को चुनाव होगा। वार्षिक आमसभा चैंबर भवन में तथा चुनाव मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में आयोजित किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए पूर्व अध्यक्ष अंचल किंगर को चुनाव चेयरमैन और पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा को को-चेयरमैन बनाया गया है।
चुनाव को झारखंड के व्यापारिक और औद्योगिक समुदाय के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि नई कार्यकारिणी राज्य के व्यापारियों और उद्यमियों से जुड़े मुद्दों को सरकार और प्रशासन के समक्ष रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वर्तमान चैंबर नेतृत्व के अनुसार, संगठन का उद्देश्य व्यापार और उद्योग के लिए बेहतर माहौल तैयार करने तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करना रहा है

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment