जमशेदपुरः जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह की भी जान चली गई। मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में भी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा तड़के करीब तीन बजे हुआ। कार पश्चिम बंगाल की ओर से जमशेदपुर आ रही थी। इसी दौरान मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे खराब होने के कारण खड़े एक ट्रेलर के पीछे कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से में फंस गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार में शव बुरी तरह फंसे हुए थे। पुलिस और राहत टीम ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है।
डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर ने बताया कि ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से ही खराब होने के कारण मरीन ड्राइव पर खड़ा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तड़के तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पीछे जा घुसी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख
हादसे में मंत्री की बेटी की मौत की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे है। मुख्यमंत्री ने दीपिका पांडेय सिंह और अन्य शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति की कामना की।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, संजय यादव और दीपक बिरुआ समेत कई नेताओं ने भी हादसे पर दुख जताया। सभी ने दीपिका पांडेय सिंह और अन्य मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने तृषा सिंह के निधन को स्तब्ध करने वाली घटना बताया। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी मां के लिए शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता और इस कठिन समय में पूरी प्रदेश कांग्रेस दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के साथ है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी हादसे पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में तृषा सिंह के असामयिक निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment