डाॅ. माधवकृष्ण
विजयदेव नारायण साही जी की कविता का एक अंश है:
इतिहास जिनके बीच से होकर तुम आये थे
सुनसान हैं,
क्योंकि उनकी आबादियां
तितर बितर हो गयी
और सारे माहौल पर
कुछ इस तरह का आसेब छाता जा रहा है
जो वजूद से मिटने वाले जानवरों पर छाता जाता है
इस कविता को मूल सन्दर्भ से काटते हुए मैंने एक नए संदर्भ में देखा. एक अफ्रीकी कहावत है, Until the lions have their own historians, the history of the hunt will always glorify the hunter. नाइजीरियाई लेखक चिनुआ अचेबे ने इसे लोकप्रिय बनाया. जब तक शेरों के अपने इतिहासकार नहीं होंगे, शिकार की कहानी हमेशा शिकारी की ही महिमा गायेगी. यह कहावत इतिहास लेखन में सत्ता, उपनिवेशवाद और विजेताओं के प्रभुत्व की आलोचना करती है।
इतिहास राजनीतिज्ञों के लिए इतना महत्वपूर्ण है कि उनके अपने इतिहासकार होते हैं, सत्ता, उपनिवेशवाद और विजेता इतिहास लिखते हैं। सत्ता जब बदलती है तब इतिहास का पुनर्मूल्यांकन और पुनर्लेखन होता है। एक सीमा तक यह आवश्यक भी है ताकि पिछली गलतियों और पूर्वग्रहों को दुरुस्त किया जा सके। यह प्रक्रिया समाज के मानसिक पुनर्गठन के लिए बेहद जरूरी है।
लेकिन साहित्य के इतिहास का राजनीति से क्या लेना देना? क्या साहित्य के इतिहास में भी ये कमियाँ आती हैं? अनुभवजन्य निष्कर्ष है कि, बिल्कुल आती हैं। साहित्य में राजनीति और मठाधीशी से आखिर कौन इन्कार कर सकता है? कभी-कभी सेंसरशिप के रूप में राजसत्ता और सामाजिक समूह रचना के वर्तमान और भविष्य को तय करने लगते हैं. तेलुगु साहित्य में इसका एक उदाहरण है: मुद्दुपलानी का काव्य ग्रन्थ: राधिका सान्त्वनम। बीसवीं सदी में इसके प्रकाशन के बाद तेलुगु समाज में एक तूफ़ान उठ खड़ा हुआ, अलग-२ कारणों से उस पर अनेक बार प्रतिबंध लगे और अनेक बार प्रतिबंध हटाये गए।
बीसवीं सदी में तेलुगु के प्रसिद्ध कवि वरवर राव की काव्यकृति भविष्यचित्रपटम पर एन.टी. रामाराव की सरकार ने पाबन्दी लगाई और कवि को अनेक प्रकार से प्रताड़ित किया गया। और तो और, मैक्सिम गोर्की जैसे महान लेखक को पार्टी साहित्य लिखने के लिए प्रताड़ित किया जाना किसी से छिपा नहीं है। महान दार्शनिक कांट को अपनी दार्शनिक रचनाओं के लिये राजा से संवाद स्थापित कर अपनी भाषा को बदलना पड़ा और उन्हें आश्वस्त करना पड़ा कि ये रचनाएँ राजा के विरुद्ध नहीं हैं। इत्यादि इत्यादि।
जाहिर है कि सत्ताएं और विचारधाराएँ साहित्य को ही नहीं, साहित्य के इतिहास को भी प्रभावित करती हैं। कुछ इतिहासकार कुछ कवियों और लेखकों को महत्त्व देते हैं और कुछ को महत्त्व नहीं देते; बल्कि अधिकांश का तो उल्लेख भी नहीं करते। वे जिन कवियों और लेखकों को पसन्द करते हैं, उन पर विस्तार से लिखते हैं; और जिनको पसन्द नहीं करते, उनका केवल नामोल्लेख करते हैं या वह भी नहीं करते।
साहित्य के इतिहास का राजनीति से भी गहरा सम्बन्ध होता है। हर काल की राजसत्ता जिस विचारधारा का पोषण करती है, उसके विकास में सहायक लेखकों को उस विचारधारा के समर्थक इतिहासकार महत्त्व देते हैं। जिन परिस्थतियों के कारण लेखन, साहित्य बनता है, या बनाया जाता है, उन कारणों में भी राजनीतिक और नैतिक आग्रह काम करते हैं। इसीलिए कहा जाता है कि सौन्दर्यबोधीय चुनाव प्रायः विचारधारात्मक चुनाव होते हैं।
साहित्य के इतिहास की इस बड़ी चुनौती और चिंता का सामना करते हुए डॉ गजाधर शर्मा गंगेश जी की नयी कृति “गाजीपुर के काव्य-साहित्य का इतिहास” उल्लेखनीय है। गाजीपुर के काव्य इतिहास पर कुछ लोगों ने कार्य अवश्य किया, लेकिन इसमें बिना नाम लिये बड़ी जिम्मेदारी के साथ यह कहूंगा कि वह इतिहास उपरोक्त कारणों से अधूरा था, वैचारिक पूर्वग्रहों से ग्रस्त था, या उसमें अध्यवसाय का अभाव था।
१४४३ से २००५ तक जन्मे ४२८ कवियों को उनकी रचनाओं के साथ एक पुस्तक में ले आने के लिए सामग्री संकलन की प्रक्रिया कितनी दु;साध्य रही होगी, इसका केवल अनुमान लगाया जा सकता है. इन ४२८ कवियों में से गंगेश जी ने डॉ पी एन सिंह जी जैसे मुखर मार्क्सवादी आलोचक कवि को भी स्थान दिया है , जिनका मात्र एक काव्य-संग्रह प्रकाशित हुआ था: निष्प्रभ आईना। वहीं उन्होंने गाजीपुर के महान नवगीतकार और नवगीत के निकष पर काम करने वाले डॉ. उमाशंकर तिवारी जी को भी स्थान दिया है, जो भारतीय संस्कृति और विरासत के पोषक थे।
डॉ. गजाधर एक समावेशी सहिष्णु साहित्य इतिहासकार हैं। जिनकी एक रचना भी उनके संज्ञान में आयी, उसे उन्होंने अपने काव्य इतिहास में जगह दी, और वह एक उदार साहित्य इतिहासकार बन गये। कवियों की रचनाओं का मूल्यांकन उन्होंने आलोचकों पर छोड़ दिया। साहित्य की संकुचित होती जा रही भूमि को उन्होंने विस्तार दिया। व्यक्तिगत रूप से मैं कृतित्व और व्यक्तित्व को अलग अलग करके देखने वाले सिद्धांत का समर्थक नहीं हूँ। हालिया वर्षों में उनको संगोष्ठियों में आमंत्रित करने के बाद भी जब वे नहीं आ पाते थे तो पूछने पर पता चला कि, डॉ गंगेश के व्यक्तिगत जीवन में विगत अनेक वर्षीं से चाची जी के कैंसर पीड़ित और पूरी तरह आश्रित हो जाने से एक तूफ़ान मचा हुआ है। वे एक कठिन परिस्थिति से गुजर रहे हैं। जो व्यक्ति संगोष्ठियों में इतना सक्रिय रहता था, वह अचानक आमंत्रण देने के बाद भी नहीं आता था।
उन्होंने उनकी सेवा के लिए उनके कमरे में ही अपनी पुस्तकों और कंप्यूटर को लगा लिया। न उनका लेखन छूटा और न ही उनकी सेवा। सेवा के तुरन्त बाद लगातार लेखन और अध्ययन के अध्यवसाय का परिणाम है, यह महत्वपूर्ण पुस्तक। यह महावीर हनुमान जी की तरह पर्वत पर रहने वाली हर संभावना को उठाकर समाज में लेती आयी है।
वह पुस्तक गाजीपुर के काव्य-इतिहास की इतिश्री नहीं है, अभी तो यह पहला गम्भीर प्रयास है। इस पुस्तक ने गाजीपुर के साहित्य इतिहास की विवेचना, विश्लेषण, वर्गीकरण करने की राह खोलकर रख दी है। शोध कर्त्ताओं के लिए यह एक दुर्लभ सामग्री परोसती है। जैसे, एक उदाहरण है गाजीपुर का नाम: गाजीपुर या गाधिपुर? अभी तक गाजीपुर के इतिहासकारों ने तथ्यों के अभाव में इस बात से असहमति जताई है कि, गाजीपुर का नाम कभी गाधिपुर था। एकमात्र डॉ मान्धाता राय ने अपनी एक पुस्तक में गाधिपुरी नाम के औचित्य और भूगोल पर साहस के साथ पौराणिक संदर्भों के साथ लेखनी चलाई थी।
गंगेश जी की इस पुस्तक में पुष्ट साक्ष्य है कि, प्रयागराज के पद अन्तर्गत कड़ा को केंद्र बनाकर उपदेश देने वाले सन्त मलूकदास के शिष्य बाबा दुःखहरनदास ने “बसें गाधिपुर नगर सोहावा” कविता में ‘गाधिपुर’ शब्द का प्रयोग किया है। यह दर्शाता है कि, यह नाम भी सन १६४९ में प्रचलित था और यह केवल आज की राष्ट्रवादी राजनीति की देन नहीं है। बस इतिहास लेखन और गज़ेटियर में इसे स्थान नहीं मिला या इसे मिटा दिया गया। यह एक शोध का विषय होगा। डॉ. गजाधर शर्मा गंगेश अपनी साहित्यिक वस्तुनिष्ठता और निष्पक्षता के कारण प्रामाणिक हो गये हैं। सभी साहित्यिक सुधीजन इस पुस्तक में उपलब्ध प्रचुर सामाग्री के आधार पर अब इन बिंदुओं को अपने शोध का विषय बना सकते हैं:
१) आचार्य रामचंद्र शुक्ल और अन्य इतिहासकारों के वर्गीकरण के अनुसार रचनाएँ अपने तत्कालीन युगबोध, शिल्प और शैली के साथ उपस्थित हैं या नहीं?
२) जॉर्ज लुकाच के अनुसार साहित्य के इतिहास में समाजशास्त्र और सौन्दर्यशास्त्र के बीच आवयविक सम्बन्ध होता है। साहित्य के इतिहास में सौन्दर्यशास्त्र और समाजशास्त्र के बीच समन्वय करना होता है। क्या इन कविताओं में समाजशास्त्र और सौन्दर्यशास्त्र के बीच आवयविक सम्बन्ध है?
३) डॉ. गजाधर ने प्रत्येक कवि की साहित्यिक चेतना को समझने का प्रयास किया है। अगला प्रयास इस चेतना को ऐतिहासिक प्रवाह के बरक्स देखने का होना चाहिए।
४) क्या गाजीपुर के लोकजीवन–लोकसंस्कृति और भाषा के विकास को देखने की दृष्टि यह पुस्तक देती है?
५) यह पुस्तक उस अभाव की तरफ भी इंगित करती है कि गाजीपुर के किसी कवि ने किसी अन्य भारतीय भाषा की बड़ी काव्य रचना का अभी तक हिन्दी में अनुवाद नहीं किया है। रामायण, महाभारत और भागवत का अनुवाद भारत के अनेक प्रान्तों के कवियों ने किया था और ये सभी काव्यानुवाद अपनी-अपनी भाषा के महान मौलिक काव्य ग्रन्थ माने जाते हैं और स्थानीयता से युक्त भी हैं।
यह पुस्तक हमारे साहित्यिक पूर्वजों के प्रति एक श्रद्धांजलि और सम्मान तो है ही, यह उन सभी लोगों के लिए भी गर्व का विषय है जो इसमें संकलित हैं। किसी समाज के निरंतर नव-निर्माण में उसके ऐतिहासिक धरोहरों का ज्ञान और उपयोगिता बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं. लेकिन केवल तब जब इतिहासकार उन रचनाओं के साथ आधुनिक परिप्रेक्ष्य में संवाद स्थापित करे। डॉ गंगेश ने निःसंदेह बड़ा काम किया है और साथ ही एक विशद साहित्यिक शोध और विवेचना के लिए एक संदर्भ ग्रन्थ दे दिया है। ऐसे जनपदीय इतिहास साहित्य में नवांकुरों की अभिरुचि बढ़ाने का कार्य करेंगे। गंगेश जी ने भगीरथ प्रयास कर इस परियोजना को मूर्त रूप दिया है। यह प्राणायामी साधना है।
गंगेश जी ने पूर्ववर्ती कार्यों को आधार बनाकर साहित्य इतिहास को विस्तार दिया। इस तरह से वह भूत और वर्तमान के मध्य एक सेतु का कार्य करते हैं। ग्रन्थ की संरचना अत्यधिक प्रभावशाली है जिसमें गाजीपुर के भूगोल, परिवेश, पत्र-पत्रिकाओं और रचनाकारों पर कार्य किया गया है। सभी संभावनाओं को इसमें संकलित कर उन्होंने इसे साहित्य का लोकतान्त्रिक दस्तावेज बना दिया है।
राहुल जी ने कहा था कि हर जनपद का एक इतिहास होना चाहिए, सो गाजीपुर का काव्य इतिहास उनके निर्देश का क्रियान्वयन है। एक विभाग था जिसे अंग्रेजों ने शुरू किया था और वह १९७८ तक चला आया था, वह विभाग हर जनपद के विषय में सब कुछ लिखता था, क्योंकि जिन पर शासन करना है उनके विषय में जानना चाहिए।
जानें बिनु न होइ परतीती। बिनु परतीति होइ नहिं प्रीती॥
प्रीति बिना नहिं भगति दिढ़ाई। जिमि खगपति जल कै चिकनाई॥
जानना ही राष्ट्रप्रेम है।
◆ अष्टभुजी कालोनी गाजीपुर (उ.प्र.)ई

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment