त्योहारों में हवाई किराये की बेतहाशा बढ़ोतरी से घर वापसी मुश्किल
हर त्यौहार के समय में एयरलाइन्स कंपनियों के द्वारा किराये में अप्रत्याशित वृद्धि कर दी जाती है, जिससे बेंगलुरु, दिल्ली, मुंबई सहित देश के बड़े महानगरों में नौकरी और पढ़ाई करने वाले लोगों के लिए रांची आना महंगा हो जाता है। अभी दीपावली और छठ महापर्व का त्यौहार है, अपने घर झारखंड लौटने की तैयारी कर रहे लोगों के सामने इस वर्ष भी आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। स्थिति यह है कि बेंगलुरु से रांची का एकतरफा हवाई किराया 30 हजार रुपये और मुंबई से 27 हजार रु० तक पहुंच गया है, जो सामान्य दिनों की तुलना में लगभग तीन से चार गुना अधिक है। लंबी दूरी की ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट लगातार बढ़ रही है। ऐसे में लोगों के सामने महंगे हवाई टिकट और कन्फर्म रेल टिकट नहीं मिलने की दोहरी परेशानी है।
त्योहारों के अवसर पर अपने घर लौटना प्रत्येक व्यक्ति की भावनाओं से जुड़ा होता है। लेकिन अत्यधिक हवाई किराए और ट्रेनों में कन्फर्म टिकट की अनुपलब्धता के कारण आम परिवारों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए घर पहुंचना मुश्किल होता जा रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय एवं संबंधित एयरलाइंस को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त उड़ानों की व्यवस्था करने और हवाई किराए को किफायती बनाए रखने की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए।
रांची से नए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ान मार्ग शुरू करने की मांग
झारखण्ड चैम्बर के सिविल एविएशन उप समिति के चेयरमैन दिनेश प्रसाद साहू ने कहा कि पिछले एक दशक में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ने उल्लेखनीय प्रगति की है और अब झारखंड की बढ़ती आर्थिक क्षमता, औद्योगिक गतिविधियों तथा यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप हवाई सेवाओं का विस्तार आवश्यक है। रांची से जयपुर, गोवा, बागडोगरा-गुवाहाटी, वाराणसी-अमृतसर, सूरत एवं रायपुर के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की लंबे समय से मांग की जा रही है। पहले रांची से भुवनेश्वर फ्लाइट रोजाना चलती थी, जिसे अब तीन दिन कर दिया गया है। पुरी जानेवाले यात्रियों को इससे काफी परेशानी होती है। यात्रियों की मांग को देखते हुए इस फ्लाइट को रोजाना करना चाहिए। इसके अलावा दुबई एवं बैंकॉक के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की पहल होनी चाहिए। हाल ही में गया एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू होना पूर्वी भारत के लिए एक सकारात्मक पहल है। इसी तर्ज पर रांची से भी बैंकॉक के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू की जानी चाहिए। झारखंड से बड़ी संख्या में लोग दक्षिण-पूर्व एशिया की यात्रा करते हैं। रांची से सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों को कोलकाता, दिल्ली या अन्य शहरों के माध्यम से यात्रा करने की मजबूरी से राहत मिलेगी। इसके लिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर स्थायी कस्टम एवं इमिग्रेशन सुविधाएं विकसित करना भी आवश्यक है।
यात्रियों की सुविधा के लिए उड़ानों के समय और किराये में बदलाव जरूरी
श्री साहू ने उड़ानों के समय में व्यावहारिक बदलाव पर जोर देते हुए कहा कि रांची-दिल्ली के लिए सुबह की उड़ान और देर शाम वापसी की सुविधा मिलने से व्यवसायी एवं सरकारी अधिकारी एक ही दिन में अपना काम पूरा कर वापस लौट सकेंगे। रांची-मुंबई के लिए दोपहर अथवा शाम की उड़ान तथा रांची-चेन्नई के लिए सुबह की उड़ान भी यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगी। उन्होंने घरेलू उड़ानों में ऑनबोर्ड वाई-फाई, डिजीयात्रा का विस्तार, किफायती हवाई किराया, केवल हैंड बैगेज वाले यात्रियों के लिए रियायती किराया तथा गंभीर रोगियों के लिए विशेष रियायत देने की मांग की। यह भी कहा कि बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन पार्किंग, एयरपोर्ट के बाहर जाम, यात्रियों के परिजनों के बैठने की व्यवस्था और सार्वजनिक शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं में और सुधार की जरूरत है। एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में आने जानेवाले मरीजों के लिए मेडिकल टीम की तैनाती भी जरुरी है। सर्दियों में घने कोहरे के कारण उड़ानों में देरी एवं रद्द होने की समस्या को देखते हुए कैट-2 इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम की स्थापना भी शीघ्र की जानी चाहिए। एयरपोर्ट परिसर में बेंगलुरु की तर्ज पर ओपन-एयर कैफेटेरिया एवं फूड कोर्ट विकसित करने की भी आवश्यकता है।
उड़ान रद्द होने पर यात्रियों के अधिकारों की सुरक्षा और नए एयरपोर्ट का विकास
उड़ानों के अंतिम समय में रद्द होने पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि कई बार उड़ान से एक-दो घंटे पहले फ्लाइट रद्द कर दी जाती है। इससे विशेषकर परिवारों, महिलाओं, सीनियर सिटीजन, छात्र और इलाज के लिए यात्रा करने वाले लोगों को भारी परेशानी होती है। अपरिचित शहर में देर रात अचानक उड़ान रद्द होने पर यात्रियों के सामने ठहरने की समस्या खड़ी हो जाती है। ऐसी स्थिति में संबंधित एयरलाइन को प्रभावित यात्रियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए। नागरिक उड्डयन मंत्रालय एवं डीजीसीए को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए ताकि यात्रियों के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
श्री साहू ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए धालभूमगढ़, दुमका, डाल्टनगंज के चियांकी एवं बोकारो एयरपोर्ट परियोजनाओं को भी शीघ्र पूरा कर नियमित विमान सेवाएं शुरू करना समय की आवश्यकता बताई। यह कहा कि झारखंड की आर्थिक संभावनाओं को देखते हुए हवाई सेवाओं का विस्तार अब समय की आवश्यकता है। केंद्र एवं राज्य सरकार को समन्वित प्रयास करते हुए झारखंड को देश के प्रमुख विमानन नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में प्राथमिकता के साथ काम करना चाहिए।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment