रांची: सोसाइटी फॉर ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट (आईएसटीडी), रांची चैप्टर की ओर से मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम, रांची के सभागार में ‘द सर्च फॉर द ऑब्जेक्टिव ऑफ ह्यूमन बीइंग्स’ विषय पर एक्सपर्ट टॉक एवं पुस्तक विमोचन किया गया। कार्यक्रम में मानव जीवन के उद्देश्य, युवाओं की भूमिका, मानवीय मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि राहुल बोस ने कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। निरंतर सीखना, नेतृत्व क्षमता का विकास और मानव विकास एक बेहतर समाज के निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने युवाओं से ज्ञान एवं कौशल के साथ मानवीय मूल्यों को अपनाने तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता डॉ. मयंक मुरारी ने कहा कि जीवन का उद्देश्य केवल पेशेवर सफलता हासिल करना नहीं होना चाहिए। व्यक्ति को अपनी सफलता के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक युवाओं के लिए सकारात्मक सोच, मानवीय संवेदना, सामाजिक जिम्मेदारी और अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमताओं को पहचानकर समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देने की अपील की।
हिंदी के प्रोफेसर जे. बी. पांडेय ने मानव जीवन के उद्देश्य और मानवीय मूल्यों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि व्यक्ति का वास्तविक विकास केवल ज्ञान और उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, संवेदनशीलता और समाज के प्रति दृष्टिकोण से भी होता है।
कार्यक्रम में आईएसटीडी के वरिष्ठ सदस्यों डॉ. पी. सी. मिश्रा, श्री एन. के. ओझा एवं प्रो. डॉ. रमन वल्लभ ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, निरंतर सीखने और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। इसके बाद आईएसटीडी रांची चैप्टर के अध्यक्ष एम. के. गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला। समारोह का प्रमुख आकर्षण डॉ. मयंक मुरारी द्वारा लिखित पुस्तक का विमोचन रहा। अतिथियों एवं विशिष्ट प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के साथ सामूहिक छायाचित्र लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में आईएसटीडी रांची चैप्टर के मानद कोषाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment