रांची : फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को चैंबर भवन में चुनाव समिति की बैठक हुई। बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए चैंबर कार्यालय को विभिन्न कार्यों के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर संबंधित को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। चुनाव समिति के निर्देश के क्रम में चैंबर के सभी ऑफिशियल व्हाट्सएप ग्रुप को आज शाम से एडमिन लॉक कर दिया गया। अब इन ऑफिशियल ग्रुपों के माध्यम से केवल चुनाव से संबंधित आवश्यक सूचनाएं एवं गतिविधियों की जानकारी ही जारी की जाएगी।
मुख्य चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर ने कहा कि चुनाव अवधि के दौरान चैम्बर भवन में किसी भी प्रत्याशी द्वारा चुनावी बैठक आयोजित नहीं की जाएगी। साथ ही व्यापार एवं उद्योग जगत से संबंधित किसी भी गतिविधि का आयोजन चुनाव समिति की पूर्व सहमति से ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए समिति द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
को-चेयरमैन पवन शर्मा ने कहा कि 12 अगस्त 2026 को संपन्न कार्यकारिणी समिति की बैठक में जिन सदस्यों को आजीवन सदस्यता प्रदान की गई है, उन्हीं को आगामी चुनाव में मतदान का अधिकार होगा। संवैधानिक प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए अब सदस्यता में प्रतिनिधि के नाम में परिवर्तन नहीं किया जा सकेगा। चुनाव से पूर्व केवल संबद्ध संस्थाओं के पदाधिकारियों के नाम में परिवर्तन किया जा सकता है। अन्य श्रेणी के सदस्यों के प्रतिनिधि के नाम में अब कोई परिवर्तन नहीं होगा। चुनाव समिति ने सभी सदस्यों से चुनाव प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखने तथा समिति द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment