‘बालसाहित्य’ पद में ‘बाल’ को हम केवल आयु-समूह के रूप में देखें या एक विशिष्ट संवेदनात्मक और सांस्कृतिक चेतना के रूप में? आपके लिए ‘बाल’ की साहित्यिक अवधारणा क्या है?
मेरे विचार से ‘बाल’ को केवल एक आयु-समूह के रूप में देखना पर्याप्त नहीं है। बालक की अपनी एक अलग दुनिया होती है, जिसमें जिज्ञासा, कल्पनाशीलता, कौतूहल, संवेदनशीलता और सहज भावुकता का विशेष महत्त्व है। वह दुनिया को अपने ढंग से देखता, समझता और उसके बारे में प्रश्न करता है। इसलिए बालसाहित्य लिखने के लिए केवल आयु के अनुरूप भाषा और विषय का चयन करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि बालमन को समझना भी आवश्यक है और तदानुसार ही बालसाहित्य का सृजन किया जाना चाहिए।
मेरे लिए ‘बाल’ एक ऐसी संवेदनात्मक अवस्था है, जिसमें छोटी-छोटी घटनाएँ भी बड़ा अर्थ रखती हैं और कल्पना की उड़ान असीमित होती है। बच्चा किसी बात को बिना प्रश्न किए स्वीकार कर ले, यह आवश्यक नहीं। उसकी जिज्ञासा उसे बार-बार प्रश्न पूछने और अपने ढंग से सत्य को समझने के लिए प्रेरित करती है। बाल-साहित्यकार को उसकी इस स्वाभाविक प्रवृत्ति का सम्मान करना चाहिए। मैंने अपनी बाल कहानियों और उपन्यासों में विज्ञान, पर्यावरण, रहस्य-रोमांच, देशभक्ति और सामाजिक चेतना जैसे विविध विषयों को स्थान दिया है। मेरी कोशिश रही है कि इन विषयों को बच्चों के अनुकूल रोचक कथानकों के माध्यम से प्रस्तुत करूँ, ताकि वे कहानी का आनंद लेने के साथ-साथ सहज रूप से कुछ नया भी सीख सकें।
इसलिए मेरी दृष्टि में बालसाहित्य का वास्तविक आधार केवल बच्चे की उम्र नहीं, बल्कि उसका मन, उसकी संवेदना और उसकी दृष्टि है। अच्छा बालसाहित्य वह है, जो बच्चे की दुनिया में प्रवेश करे, उसकी जिज्ञासाओं को समझे और उसे अपनी स्वतंत्र सोच विकसित करने के लिए प्रेरित करे।
बालसाहित्य का सबसे बड़ा संकट क्या है—यह कि इसे बच्चों के लिए लिखा जाता है, या यह कि इसे प्रायः वयस्क समाज बच्चे की ओर से लिखता है?
मेरी दृष्टि में बालसाहित्य का सबसे बड़ा संकट यह नहीं है कि उसे बच्चों के लिए लिखा जाता है, बल्कि यह है कि कई बार लेखक बच्चे को समझने के बजाय अपनी वयस्क सोच और धारणाओं के अनुसार उसके लिए लिखने लगता है। वह यह मानकर चलता है कि बच्चे को क्या पढ़ना चाहिए, उसे क्या सीखना चाहिए और उसका व्यवहार कैसा होना चाहिए यह बताना उसका विशेषाधिकार है। इस प्रक्रिया में बच्चे की अपनी जिज्ञासाएँ, भावनाएँ और सोच कहीं पीछे छूट जाती हैं।
बच्चों का संसार वयस्कों के संसार से अलग होता है। जिन बातों को वयस्क साधारण समझकर अनदेखा कर देते हैं, वे बच्चे के लिए कौतूहल और खोज का विषय हो सकती हैं। वह प्रश्न करता है, कल्पना करता है, कभी शरारत करता है और कभी ऐसी बात सोच लेता है, जिसकी कल्पना वयस्क ने भी नहीं की होती। बाल-साहित्यकार के लिए इन प्रवृत्तियों को समझना और उनका सम्मान करना आवश्यक है।
मैं मानता हूँ कि बाल-साहित्यकार को पहले बच्चे का मित्र बनना चाहिए, शिक्षक बनने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। इसका अर्थ यह नहीं कि साहित्य में जीवन-मूल्यों या सामाजिक चेतना का कोई स्थान न हो। ये तत्त्व अवश्य होने चाहिए, लेकिन कहानी की रोचकता, पात्रों की सहजता और घटनाओं के स्वाभाविक विकास के साथ। जब बच्चा कहानी से जुड़ता है, तो उसके भीतर संवेदना और जीवन की समझ अपने आप विकसित होने लगती है। केवल उपदेश देकर उसे प्रभावित नहीं किया जा सकता।
मेरी कोशिश अपनी बाल कहानियों और उपन्यासों में यही रही है कि बच्चे को एक स्वतंत्र सोच रखने वाले व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करूँ। वह कहानी का केवल श्रोता या पाठक न हो, बल्कि घटनाओं को समझे, प्रश्न करे और अपने निष्कर्ष तक पहुँचने का प्रयास करे।
इसलिए मैं इसे केवल वयस्कों द्वारा बच्चों के लिए लिखने की समस्या नहीं मानता। वयस्क लेखक भी बच्चों के मन को समझकर उत्कृष्ट बालसाहित्य रच सकता है। असली कसौटी यह है कि रचना में बच्चे की संवेदना, जिज्ञासा और दृष्टि के लिए कितनी जगह है। बालसाहित्य में वयस्क का अनुभव अवश्य हो, लेकिन बच्चे की आवाज़ दबनी नहीं चाहिए।
क्या बालसाहित्य में ‘बालक की वास्तविक आवाज़’ और ‘वयस्क द्वारा निर्मित बाल-छवि’ के बीच कोई मौलिक अंतर है?
हाँ, मेरे विचार से दोनों के बीच मौलिक अंतर है। बालक की वास्तविक आवाज़ उसके अपने अनुभवों, जिज्ञासाओं, भावनाओं, कल्पनाओं और प्रतिक्रियाओं से बनती है, जबकि वयस्क द्वारा निर्मित बाल-छवि कई बार इस धारणा पर आधारित होती है कि बच्चे को कैसा होना चाहिए। ऐसी छवि में बच्चा प्रायः आज्ञाकारी, अनुशासित, समझदार और हर परिस्थिति में सही निर्णय लेने वाला दिखाया जाता है। लेकिन वास्तविक बच्चा ऐसा ही हो, यह आवश्यक नहीं है।
बच्चा कभी बहुत समझदारी की बात करता है, तो कभी छोटी-सी बात पर नाराज हो जाता है। वह जिज्ञासावश ऐसे प्रश्न पूछ सकता है, जिनका उत्तर वयस्कों के पास भी न हो। कभी वह गलती करता है, कभी अपनी गलती से सीखता है और कभी वयस्कों की किसी धारणा से असहमत भी होता है। ये सभी उसके व्यक्तित्व के स्वाभाविक पक्ष हैं। यदि साहित्य में केवल आदर्श बालक को स्थान दिया जाए, तो बालमन की सहजता और विविधता पूरी तरह सामने नहीं आ पाएगी।
मेरे विचार से बाल-साहित्यकार का दायित्व बच्चे को किसी निश्चित साँचे में ढालना नहीं, बल्कि उसके मन और व्यवहार को ईमानदारी से समझना है। इसके लिए लेखक को अपने बचपन की स्मृतियों के साथ-साथ आज के बच्चों के अनुभवों, उनकी जिज्ञासाओं और उनके बदलते परिवेश को भी समझना होगा। आज का बच्चा विज्ञान, तकनीक और आसपास घटने वाली घटनाओं के प्रति पहले से अधिक जागरूक है। उसके प्रश्नों और विचारों को पुराने ढर्रे पर आँकना उचित नहीं होगा।
अपनी रचनाओं में भी मैंने बच्चों को केवल सीख ग्रहण करने वाले पात्रों के रूप में प्रस्तुत करने के बजाय उन्हें परिस्थितियों से जूझते, समस्याओं के समाधान खोजते और अपनी समझ विकसित करते हुए दिखाने का प्रयास किया है। मेरा विश्वास है कि बच्चे को अपनी बात कहने, प्रश्न उठाने और गलती करके सीखने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा प्रकाशित मेरे उपन्यास ‘डूबा हुआ किला’ तथा प्रकाशन विभाग द्वारा 14 भाषाओं में प्रकाशित उपन्यास ‘होगी जीत हमारी’ में बच्चे विपरीत परिस्थितियों में समस्याओं से जूझते हुए, गलती कर उनसे सीखते हुए अपनी मंज़िल तक पहुंचते हैं।
मेरी दृष्टि में सच्चा बालसाहित्य वह है, जिसमें बच्चा लेखक की कल्पना का कठपुतला नहीं, बल्कि अपनी जिज्ञासाओं, भावनाओं और विचारों वाला जीवंत पात्र बनकर सामने आए।
आपके विचार में बालसाहित्य की अपनी स्वतंत्र सौंदर्यशास्त्रीय सत्ता किन तत्त्वों से निर्मित होती है?
मेरे विचार में बालसाहित्य की अपनी स्वतंत्र सौंदर्यशास्त्रीय सत्ता का आधार यह है कि वह बच्चे के मन को किस तरह छूता है, उसकी कल्पना को कितनी दूर तक ले जाता है और उसे पढ़ने का कितना आनंद प्रदान करता है। बालसाहित्य को केवल इस कसौटी पर नहीं परखना चाहिए कि उसमें कौन-सा संदेश दिया गया है या उससे बच्चे को क्या सीखने को मिलता है। उसकी अपनी कलात्मकता, कथात्मक रोचकता और संवेदनात्मक प्रभाव भी उतने ही महत्त्वपूर्ण हैं।
बालसाहित्य में कथानक, पात्र, भाषा, संवाद, कल्पना, हास्य, कौतूहल और घटनाओं का स्वाभाविक विकास विशेष भूमिका निभाते हैं। कहानी में आगे क्या होगा, यह जानने की उत्सुकता बच्चे को पढ़ते रहने के लिए प्रेरित करती है। पात्रों से उसका आत्मीय संबंध बनता है, तो वह उनकी खुशियों, कठिनाइयों और संघर्षों को भी महसूस करने लगता है। इस तरह साहित्य उसके लिए केवल मनोरंजन नहीं रह जाता, बल्कि अनुभव और संवेदना का संसार बन जाता है।
बालसाहित्य की भाषा सहज और सुबोध होनी चाहिए, लेकिन सरलता का अर्थ यह नहीं कि उसमें कलात्मकता या विचारों की गहराई न हो। बच्चों के लिए लिखना आसान काम नहीं है। लेखक को कम शब्दों में प्रभाव उत्पन्न करना होता है और ऐसी भाषा चुननी होती है, जो बच्चे की समझ के अनुकूल होने के साथ-साथ उसकी कल्पना को भी समृद्ध करे। इसी प्रकार कल्पना और यथार्थ का संतुलन भी आवश्यक है। यथार्थ रचना को विश्वसनीय बनाता है, जबकि कल्पना उसे आकर्षक और संभावनाओं से भरपूर बनाती है।
मेरे अपने लेखन में रहस्य-रोमांच, विज्ञान, पर्यावरण और सामाजिक विषयों को रोचक कथानकों के माध्यम से प्रस्तुत करने का प्रयास रहा है। मेरा विश्वास है कि रोमांचक घटनाएँ अपने आप में पर्याप्त नहीं होतीं। उनके भीतर मानवीय संवेदना, संबंधों की ऊष्मा, मित्रता, सहयोग और जीवन के अनुभवों की कोई आंतरिक धारा भी होनी चाहिए। तभी रचना पाठक के मन पर स्थायी प्रभाव छोड़ पाती है। अपने उपन्यासों ‘मिट्टी मेरे देश की’ तथा ‘ये देश हमारा है’ में मैंने इन्हीं सभी तत्त्वों को उकेरने की कोशिश की है और शायद तभी पाठकों ने उन्हें बहुत पसंद किया है।
बालसाहित्य की श्रेष्ठता का निर्णय किसी एक कसौटी से नहीं किया जा सकता। केवल लोकप्रियता या केवल आलोचकों की स्वीकृति को उसका अंतिम प्रमाण मानना उचित नहीं होगा। रचना की कलात्मकता, बालमन से उसका जुड़ाव, उसकी संवेदनात्मक शक्ति और पाठकों पर पड़ने वाला प्रभाव—इन सबको साथ रखकर ही उसका मूल्यांकन किया जाना चाहिए।
अंततः, मेरे लिए श्रेष्ठ बालसाहित्य वह है, जो बच्चे को पढ़ने का आनंद दे, उसकी कल्पना और संवेदना को विस्तार दे तथा बिना उपदेश थोपे उसे जीवन को थोड़ा अधिक गहराई से समझने में सहायता करे।
बालसाहित्य में ‘सरलता’ को अक्सर सर्वोच्च गुण मान लिया जाता है। क्या आपको लगता है कि सरलता की यह धारणा कभी-कभी बाल साहित्य को कलात्मक जटिलता और वैचारिक गहराई से वंचित कर देती है?
हाँ, मेरा मानना है कि सरलता बालसाहित्य का एक महत्त्वपूर्ण गुण है, लेकिन उसे ही उसकी सर्वोच्च और एकमात्र कसौटी मान लेना उचित नहीं है। बच्चों के लिए लिखते समय भाषा और प्रस्तुति उनकी उम्र, समझ तथा अनुभवों के अनुकूल होनी चाहिए, पर इसका अर्थ यह नहीं कि रचना में विचारों की गहराई, भावनाओं की जटिलता या कलात्मक सौंदर्य के लिए कोई स्थान न हो।
बच्चे की समझ को कम करके आँकना भी उचित नहीं है। उसकी उम्र भले ही कम हो, लेकिन उसकी जिज्ञासा, संवेदनशीलता और कल्पनाशक्ति बहुत व्यापक हो सकती है। वह अपने आसपास की घटनाओं, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक परिस्थितियों से अनेक प्रश्नों के उत्तर खोजता है। कई बार वह ऐसी बातों पर भी गंभीरता से विचार करता है, जिन्हें वयस्क सामान्य समझकर टाल देते हैं। इसलिए यह मान लेना कि बच्चों को केवल सीधे-सादे कथानक और सतही विचार ही पसंद आते हैं, उनकी क्षमताओं को सीमित करके देखना होगा।
मेरे विचार से सरलता और गहराई एक-दूसरे की विरोधी नहीं हैं। कठिन शब्दों और जटिल वाक्यों का प्रयोग किए बिना भी गंभीर बात कही जा सकती है। वास्तविक रचनात्मक कौशल इसी में है कि लेखक किसी विचार या अनुभव को इस तरह प्रस्तुत करे कि बच्चा उससे सहजता से जुड़ सके। इसका सशक्त उदाहरण मेरी एक नन्ही-सी चित्रकथा ‘वह हंस दिया’ है जिसका 164 भाषाओं में अनुवाद हुआ है। इसमें मैंने बहुत कम शब्दों में बताने की कोशिश की है कि अभिभावक अनजाने में बच्चों के साथ जो व्यवहार करते हैं उसका उनके व्यक्तित्व के विकास पर कैसा असर पड़ता है।
क्या बच्चे के लिए लिखते समय साहित्यकार को अपनी वैचारिक प्रतिबद्धताओं को नियंत्रित करना चाहिए, अथवा बालसाहित्य भी लेखक की सामाजिक और वैचारिक चेतना का उतना ही स्वाभाविक विस्तार है जितना वयस्क साहित्य?
मेरे विचार से बाल-साहित्यकार को अपनी वैचारिक प्रतिबद्धताओं को पूरी तरह छोड़ने की आवश्यकता नहीं है। लेखक अपने समय, समाज और परिवेश से अलग रहकर नहीं लिख सकता। उसकी रचनाओं में उसके अनुभवों, मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक सरोकारों और जीवन-दृष्टि की अभिव्यक्ति स्वाभाविक रूप से होती है। इस दृष्टि से बालसाहित्य भी लेखक की सामाजिक और वैचारिक चेतना का उतना ही स्वाभाविक विस्तार है, जितना वयस्क साहित्य।
अंतर केवल इतना है कि बच्चों के लिए लिखते समय लेखक को उनकी उम्र, मनोविज्ञान, समझ और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखना पड़ता है। उसे यह भी ध्यान रखना चाहिए कि कहीं उसकी वैचारिक प्रतिबद्धता कहानी पर इतनी हावी न हो जाए कि पात्र केवल उसके विचारों को व्यक्त करने का माध्यम बनकर रह जाएँ। जब कहानी का उद्देश्य किसी विचार को सिद्ध करना या किसी निष्कर्ष को बच्चे पर थोपना बन जाता है, तब उसकी सहजता और साहित्यिक प्रभावशीलता प्रभावित हो सकती है।
मैं बालसाहित्य में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक संवेदनशीलता, पर्यावरण चेतना, मानवीय मूल्यों और तार्किक चिंतन को महत्त्वपूर्ण मानता हूँ। इन विषयों को बच्चों के सामने रखने की आवश्यकता है, लेकिन केवल भाषण या उपदेश के रूप में नहीं। यदि किसी कहानी में बच्चा किसी समस्या से जूझता है, प्रश्न करता है, विभिन्न परिस्थितियों को समझता है और अपने अनुभवों से कोई निष्कर्ष निकालता है, तो उसका प्रभाव कहीं अधिक गहरा हो सकता है। साहित्य का काम केवल सही और गलत की सूची थमाना नहीं, बल्कि बच्चे को सोचने और समझने के अवसर देना भी है।
मेरी कोशिश अपनी बाल रचनाओं में विज्ञान, पर्यावरण, रहस्य-रोमांच और सामाजिक सरोकारों को रोचक कथानकों के माध्यम से प्रस्तुत करने की रही है। मैं मानता हूँ कि मनोरंजन और विचार एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। अच्छी कहानी पाठक को बाँधे रख सकती है और साथ ही उसके भीतर नए प्रश्न भी जगा सकती है। इसके लिए लेखक की वैचारिक चेतना आवश्यक है, लेकिन उस चेतना की अभिव्यक्ति कलात्मक और स्वाभाविक होनी चाहिए। इसलिए मैं वैचारिक प्रतिबद्धताओं को दबाने के बजाय उन्हें साहित्यिक विवेक से अभिव्यक्त करने के पक्ष में हूँ। लेखक को अपनी दृष्टि रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन बच्चे की स्वतंत्र सोच और निष्कर्ष निकालने की क्षमता का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है।
कुल मिलकर मेरी दृष्टि में बाल साहित्य की सार्थकता इसी में है कि लेखक की सामाजिक चेतना रचना में उपस्थित रहे, पर उसकी आवाज़ इतनी ऊँची न हो जाए कि बच्चे की अपनी आवाज सुनाई देना बंद हो जाए।
बालसाहित्य और संस्कार के संबंध को आप किस प्रकार देखते हैं? क्या साहित्य का उद्देश्य बच्चे को ‘आदर्श’ बनाना है या उसे प्रश्न करने, संदेह करने, असहमति व्यक्त करने और अपनी स्वतंत्र नैतिक दृष्टि निर्मित करने का अवसर देना?
बालसाहित्य और संस्कार का गहरा संबंध है, लेकिन संस्कार देने का अर्थ बच्चे को किसी निश्चित साँचे में ढालना नहीं होना चाहिए। साहित्य के माध्यम से उसमें संवेदनशीलता, सहानुभूति, सहयोग, साहस और मानवीय मूल्यों का विकास होना चाहिए। ये संस्कार तभी स्थायी बनते हैं, जब बच्चा उन्हें कहानी के पात्रों, घटनाओं और अपने अनुभवों के माध्यम से सहज रूप से समझता है, न कि उपदेश सुनकर।
मैं बच्चे को आदर्श बनाने की अपेक्षा उसे अच्छा इंसान बनने की दिशा में सोचने और आगे बढ़ने के अवसर देना अधिक महत्त्वपूर्ण मानता हूँ। इसके लिए उसे प्रश्न करने, संदेह व्यक्त करने और किसी बात से असहमत होने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। हर प्रश्न अवज्ञा नहीं होता और हर असहमति गलत नहीं होती। कई बार प्रश्न करना ही किसी सत्य तक पहुँचने की पहली सीढ़ी होता है।
बालसाहित्य का दायित्व केवल सही-गलत बताना नहीं, बल्कि बच्चे में विवेक विकसित करना भी है, ताकि वह परिस्थितियों को समझकर स्वयं निर्णय ले सके। यदि कहानी का पात्र गलती करता है, तो वह भी सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है। आवश्यक यह है कि रचना बच्चे को सोचने के लिए प्रेरित करे और उसकी संवेदनशीलता को समृद्ध बनाए।
मेरी दृष्टि में श्रेष्ठ बालसाहित्य वही है, जो मनोरंजन के साथ जीवन-मूल्यों का विकास करे, लेकिन बच्चे की स्वतंत्र सोच पर अंकुश न लगाए। संस्कार उसे विवेकशील और संवेदनशील बनाएँ, उसकी जिज्ञासा और प्रश्न करने की शक्ति को दबाएँ नहीं।
बालसाहित्य में लंबे समय तक ‘आदर्श बालक’ एक प्रमुख प्रतिमान रहा है। क्या आपको लगता है कि समकालीन बालसाहित्य को शरारती, असहमत, जिज्ञासु, विद्रोही और अपूर्ण बच्चे को भी उतनी ही साहित्यिक गरिमा देनी चाहिए?
हाँ, बिल्कुल। मेरे विचार से बालसाहित्य में केवल आदर्श बालक की छवि प्रस्तुत करना बच्चे के वास्तविक व्यक्तित्व को सीमित कर देना है। बच्चे शरारत करते हैं, प्रश्न पूछते हैं, असहमत होते हैं और कभी-कभी गलतियाँ भी करते हैं। ये उनके स्वाभाविक विकास का हिस्सा हैं। हर समय आज्ञाकारी और सही व्यवहार करने वाला बच्चा ही साहित्य में सम्मान का पात्र हो, यह दृष्टि उचित नहीं है।
बालसाहित्य में ऐसे पात्रों को भी स्थान मिलना चाहिए, जो अपनी जिज्ञासा के कारण नई राह खोजते हैं, किसी गलत बात का विरोध करते हैं या अपनी भूल से सीखते हैं। उनकी शरारतों में भी बालसुलभ सहजता हो सकती है और उनकी असहमति में स्वतंत्र सोच की शुरुआत। लेखक का दायित्व उनके व्यवहार को समझना है, न कि हर बार उन्हें आदर्श आचरण का पाठ पढ़ाना।
इसका अर्थ यह नहीं कि गलत व्यवहार को उचित ठहराया जाए। महत्त्वपूर्ण यह है कि पात्रों को उनकी खूबियों और कमियों सहित स्वाभाविक रूप में प्रस्तुत किया जाए। मेरी दृष्टि में जीवंत बाल-पात्र वही है, जो केवल आदर्श बनने का अभिनय न करे, बल्कि अपनी जिज्ञासा, कमजोरियों, गलतियों और अनुभवों के साथ एक वास्तविक बच्चे की तरह सामने आए। मैंने अपने उपन्यासों डूबा हुआ किला, मिट्टी मेरे देश की, ये देश हमारा है, हवेली, सूर्य मंदिर और रहस्यमय गुफाएं इत्यादि में इस बात का ध्यान रखा है। उनमें बच्चे शरारत करते हैं, नोक-झोंक करते हैं, बहस करते हैं किंतु बाद में पूर्ण गंभीरता के साथ एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करते हैं।
डॉ. एम. फ़ीरोज़ खान का जन्म 1976 में टाण्डा, अम्बेडकरनगर (उत्तर प्रदेश) में हुआ। हिन्दी साहित्य के अध्येता, आलोचक, सम्पादक और शोधकर्मी के रूप में उन्होंने विशेष रूप से मुस्लिम विमर्श, आदिवासी विमर्श, दलित विमर्श, नारी विमर्श और थर्ड जेण्डर विमर्श जैसे समकालीन विषयों पर उल्लेखनीय कार्य किया है। उनकी प्रमुख आलोचनात्मक कृतियों में मुस्लिम विमर्श साहित्य के आईने में तथा हिन्दी के मुस्लिम उपन्यासकार : एक अध्ययन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उनके अनेक सम्पादित ग्रंथ प्रकाशित हो चुके हैं, जिनमें राही मासूम रज़ा, बदीउज़्ज़माँ, नफीस आफरीदी, इसराइल, असगर वजाहत, नासिरा शर्मा, मोहम्मद ताहिर, सैयद कासिम अली, सैयद अमीर अली मीर, अब्दुल बिस्मिल्लाह, आदिवासी विमर्श (उपन्यास और कहानी पर आलोचना, 8 पुस्तकें), थर्ड जेण्डर विमर्श (16 पुस्तकें), प्रवासी साहित्य (8 पुस्तकें), दिव्यांग, तवायफ (कहानी संग्रह) और सर सैयद अहमद ख़ान आदि कृतियाँ उल्लेखनीय हैं।
संजीव जायसवाल ‘संजय’, पूर्व निदेशक/रिसर्च डिजाइन्स एंड स्टैंडर्ड्स आर्गनाइजेशन

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment