डॉ. अंगद किशोर
इतिहासकार एवं साहित्यकार, अध्यक्ष सोन घाटी पुरातत्व परिषद जपला, पलामू, झारखंड
भारत की सांस्कृतिक चेतना में प्रकृति की उपासना-आराधना प्राचीन काल से चली आ रही है। वैदिक काल में सूर्य देव का महत्व सर्वोपरि होने के कारण ही उन्हें विश्वात्मा कहा गया है। सूर्य देव दृश्यमान भौतिक सूर्य के प्रतिनिधि और प्रतीक हैं तथा सविता उनकी प्रेरक शक्ति है। इस प्राचीन सूर्योपासना की परंपरा का अत्यंत लोकप्रिय और जीवंत लोकस्वरूप बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तरप्रदेश तथा नेपाल के कुछ हिस्सों में देखने को मिलता है, किंतु वर्तमान में यह त्योहार कमोबेश भारत के अधिकांश शहरों में मनाया जाता है। अब तो लोक-आस्था के इस महापर्व को भारतीय विदेशों में भी धूमधाम से मनाते हैं। चार दिनों तक अत्यंत धूमधाम और पवित्रता के साथ चलने वाला यह महापर्व मध्यकाल में बिहार से प्रारंभ हुआ। इस पर्व में सूर्य के साथ-साथ ‘छठी मइया’ की आराधना की जाती है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, इस पर्व में संतान प्राप्ति, उत्तम स्वास्थ्य एवं परिवार के कल्याण की कामना की जाती है। प्रत्यक्ष देव होने के कारण व्रती भयवश इस पर्व में पवित्रता, परंपरागत अनुशासन तथा भूलों के प्रति मनसा-वाचा-कर्मणा सजग और सावधान रहते हैं।
मध्यकाल से प्रारंभ यह पर्व साल में दो बार - चैत और कार्तिक महीने में किसी नदी या तालाब के तट पर समुदाय के साथ काफी धूमधाम से मनाया जाता है। प्रकृति के साथ लोक-आस्था का गहरा समन्वय होने से यह पर्व जीवंत हो उठता है। यह पर्व सर्व-समाज समावेशी होता है। फलस्वरूप लोग वर्ग, जाति, लिंग तथा पंथ का भेद भूलकर एक साथ कुआं, तालाब या नदी के तट पर आयोजित महोत्सव में श्रद्धा भाव से शामिल होते हैं। मूलतः यह पर्व प्रकृति से मनुष्य को सीधा साक्षात्कार कराता है। छठ पर्व के अवसर पर गाये जाने वाले गीत के आशय, स्वर और जीवंत लोक भाषा का जुड़ाव सीधे प्रकृति से होता है। वस्तुत: उदियमान सूर्य प्रागैतिहासिक काल से मनुष्य जाति के आदि देव हैं।
इतिहास में सूर्योपासना की परंपरा
भारतीय धार्मिक आख्यानों में सूर्योपासना के प्राचीनतम लिखित प्रमाण वैदिक साहित्य में मिलते हैं। ऋग्वेद के प्रथम मंडल के पचासवें सूक्त में सूर्य की महिमा का विशद वर्णन किया गया है। ईसा पूर्व में ही सूर्य के प्रतीक के रूप में ‘चक्र’ कला-कृतियों में अपना लिया गया था। ईसा पूर्व दूसरी शताब्दी से भारत में सूर्य-प्रतिमा का निर्माण आरंभ हो गया था तथा ईस्वी सन से लेकर 12 वीं शताब्दी तक सूर्य प्रतिमाएं सर्वत्र बनने लगी थीं। चौथी सदी में सूर्य-पूजा का अधिक प्रचार हुआ। गुप्त कालीन लेखों में मंदसौर तथा इन्दौर में सूर्य मंदिर का निर्माण का वर्णन मिलता है। हूण नरेश तोरमाण (लगभग 493- 515 ई) सूर्य का उपासक था। उसने अपने पुत्र का नाम ‘मिहिरकुल’ रखा। मिहिर का अर्थ सूर्य होता है। मिहिरकुल के ग्वालियर अभिलेख में सूर्य मंदिर के निर्माण का वर्णन मिलता है। प्रकट सूर्य को रोग का विनाशक माना गया है।
भारत के प्रमुख सूर्य मंदिर : स्थापत्य और विरासत
भारत में सूर्य मंदिरों का अत्यंत समृद्ध इतिहास है, जो सूर्य देवता के महत्व को दर्शाता है। भारत में विभिन्न राजवंशों ने भिन्न-भिन्न कालों में सूर्य मंदिर की स्थापना कर अपनी श्रद्धा का प्रकटीकरण किया है। 7 वीं शताब्दी में हर्षवर्धन के शासनकाल में सूर्य-पूजा की परंपरा अपने चरमोत्कर्ष पर थी। उस समय तीन दिनों तक चलने वाला एक धार्मिक सम्मेलन का आयोजन किया गया था, जिसमें बौद्ध भिक्षु तथा ब्राह्मण विद्वान शामिल हुए थे। प्रथम दिन भगवान बुद्ध की प्रतिमा प्रतिष्ठित की गई, दूसरे दिन सूर्य की आराधना की गई तथा तीसरे एवं अंतिम दिन शिव की पूजा की गई। इस प्रकार हर्ष के शासनकाल में नया पूजा विधान कायम हुआ।

मंदिरों में बुद्ध के साथ-साथ सूर्य एवं शिव की प्रतिमा भी स्थापित की जाने लगी। कश्मीर में अनंतनाग के निकट मार्तंड (सूर्य) मंदिर का निर्माण 8 वीं शताब्दी में कश्मीर के शासक ललितादित्य मुक्तापीड ने करवाया था, जिसे सिकंदर शाह मीरी ने नष्ट कर दिया था। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल गुजरात का मोढेरा का सूर्य मंदिर का निर्माण चालुक्य वंश के शासक भीम प्रथम ने 1026-27 ई में करवाया था। उत्तराखंड के कत्यूरी राजाओं ने अल्मोड़ा जिले में कटारमल सूर्य-मंदिर का निर्माण 9 वीं शताब्दी में करवाया था। चाहमान लेख में सूर्य मंदिर के लिए दान का वर्णन मिलता है। गुर्जर प्रतिहार वंश के राजा महेन्द्र पाल ने सूर्य-पूजा के लिए अग्रहार दिया था।
गाहड़वाल नरेश जयचंद ने भगवान लोलार्क (सूर्य का एक नाम) के लिए कई ग्राम दान दिये थे। 11 वीं सदी में मुस्लिम लेखकों अल-इद्रीसी तथा अलबेरुनी ने लिखा है कि मूलतान का सूर्य मंदिर वहां के सुल्तान की आय का साधन होता था। सूर्य देवता को समर्पित तमिलनाडु का सूर्यनार कोविल मंदिर का निर्माण 11 वीं शताब्दी में कुलुत्तुंगा चोलदेव के शासनकाल (1060-1118 ई.) में हुआ था। यह द्रविड़ शैली की वास्तुकला का उत्कृष्ट उदाहरण है। भारत के प्राचीन सूर्य मंदिरों में से एक आंध्रप्रदेश का अरसावल्ली सूर्य मंदिर का निर्माण कलिंग के पूर्वी गंगा वंश के शासक देवेंद्र वर्मा ने 7 वीं शताब्दी में करवाया था।
मध्यप्रदेश के दतिया जिले के उनाओ में स्थित ब्रह्मण्या देव मंदिर भगवान सूर्य को समर्पित है। वर्तमान सूर्य-मंदिरों में उड़ीसा का कोणार्क का सूर्य मंदिर विशिष्ट स्थान रखता है। इस मंदिर को यूनेस्को ने 1984 ई में विश्व धरोहर स्थल घोषित किया है। इस मंदिर का निर्माण गंग राजवंश के शासक नरसिंह देव प्रथम ने 1250 ई में करवाया था। जगन्नाथ पुरी से लगभग 32 किलोमीटर उत्तर-पूरब समुद्र तट के समीप अवस्थित यह सूर्य मंदिर कलिंग स्थापत्य शैली का विशिष्ट मिसाल है। 1561 ई में मुगलिया लेखक अबुल फजल ने इस मंदिर की कला को देखकर अभिभूत हो गया था। उसने कहा था कि इस मंदिर को देखकर छिद्रान्वेषी भी प्रशंसा किए बगैर नहीं रहेंगे। भागवत एवं भविष्य पुराणों के अनुसार, श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब को कुष्ठ हो गया था। 12 वर्षों तक सूर्य की आराधना के पश्चात उनका कुष्ठ दूर हो गया था।
सूर्योपासना और छठ की सांस्कृतिक भूमि
सूर्य और छठी मइया की संयुक्त उपासना की पवित्र भूमि बिहार-झारखंड में मध्यकाल से लेकर आधुनिक काल तक सैकड़ों सूर्य-मंदिरों की स्थापना हुई। बिहार में स्थापित मुख्य सूर्य मंदिरों में औरंगाबाद जिले में स्थित देव, उमगा एवं देवकुंड हसपुरा के सूर्य मंदिर उल्लेखनीय हैं। देव का सूर्य मंदिर अपने स्थापत्यकला और पश्चिमामिमुख प्रवेशद्वार के लिए विख्यात है। कहा जाता है कि इन सूर्य मंदिरों का निर्माण चंद्रवंशी शासक भैरवेंद्र सिंह और उनके उत्तराधिकारी द्वारा कराया गया है। 1939 ई में बौद्ध विद्वान पं. राहुल सांकृत्यायन देव स्थित सूर्य मंदिर में आए थे। उन्होंने इसे बौद्ध मंदिर बताया। देव मंदिर की शिल्पकला से उमगा तथा देवकुंड के सूर्य मंदिर भी मेल खाते हैं। उमगा में अवलोकितेश्वर बोधिसत्व की प्रतिमा है। इसके अलावा उलार (पटना), पुण्यार्क, बड़गांव (नालंदा), कंटाहा (सहरसा), विष्णुपद (गया), बिंदु धाम (साहेबगंज), बुंडू (रांची), अनीसाबाद (पटना) एवं आरपुरा गांव (बिहटा) के सूर्य मंदिर उल्लेखनीय हैं। पलामू प्रमंडल में अनेक नवनिर्मित सूर्य मंदिर हैं, जिसमें जपला का भगवान भास्कर मंदिर, पंसा का 111 फीट ऊंचा सूर्य मंदिर, नौडीहा बाजार के लक्ष्मीपुर में स्थित सूर्य मंदिर, सिंगरा गांव का सूर्य-मंदिर, केतार प्रखंड के मुकुंदपुर गांव का नारायण वन सूर्य मंदिर,चटनाही (लातेहार) का सूर्य मंदिर आदि उल्लेखनीय हैं।
सूर्य और छठी मइया की पूजा
सूर्योपासना का यह पर्व ‘छठी मइया’ का महापर्व के नाम से विख्यात है। चैत्र और कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को होने के कारण कदाचित इसे छठ पूजा कहा जाता है। जनश्रुति है कि सूर्य और छठी मइया का आपस में संबंध भाई-बहन का है तथा लोक मातृका षष्ठी की पहली पूजा सूर्य ने की थी। तब से सूर्योपासना का यह पर्व छठी मइया के नाम से विख्यात हो गया। इस पर्व का आयोजन साल में दो बार होता है। पहला कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को तथा दूसरा चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को।
चार दिनों तक चलने वाला इस महापर्व में पहला दिन स्वच्छता एवं पवित्रता के साथ नहाय-खाय का होता है और दूसरा दिन से निर्जला उपवास शुरू होता है। इसी दिन शाम में ‘खरना’ या ‘लोहंडा’ का अरवा चावल, गुड़ या गन्ने के रस से मीठा खीर बनता है, जिसे व्रती के साथ-साथ अन्य लोग भी ग्रहण करते हैं। एकांत में खाते समय व्रतधारियों हेतु किसी तरह की आवाज सुनना, पर्व के परंपरागत अनुशासन के विरुद्ध माना जाता है। इसके बाद 36 घंटों का निर्जला (बगैर अन्न-जल ग्रहण किए) उपवास शुरू होता है। तीसरा दिन अस्ताचलगामी सूर्य को कुआं, तालाब या नदी के जल से वहीं पर सश्रद्ध अर्घ्य दिया जाता है। इसके लिए बांस की टोकरी या सूप में नया फल, ईख, मोटा आटा से निर्मित ठेकुआ या अगरौटा आदि रखकर सूर्य देव को अर्पित किया जाता है। चौथा दिन उगते सूर्य को उक्त शेष प्रसाद को सूप में लेकर सूर्यदेव को अर्पित करते हुए अर्घ्य दिया जाता है। सूप के दोनों अग्र भाग में दीप जलाए जाते हैं। चार दिनों तक छठ गीत की गूंज आंगन से लेकर छठ महोत्सव के स्थल तक गुंजायमान रहता है।
यह ऐसा पर्व है कि छठ मइया को नमन करने के लिए हजारों-लाखों लोग नदी, तालाब आदि जलस्रोत के किनारे इकट्ठे हो जाते हैं। छठ महापर्व की आत्मा उसके लोकगीतों में निहित है। आंचलिक भाषा में गाए जाने वाले छठ के गीत न केवल कर्णप्रिय होते हैं, बल्कि माहौल को आध्यात्मिक बना देते हैं। गायिका शारदा सिन्हा के ये छठ-गीत - ‘केलवा के पात पर उगलन सुरुजमल झुके-झुके …’, ‘कांच हीं बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए …’ आदि काफी लोकप्रिय हैं। इन गीतों में नदी, तालाब,बांस, फल, पक्षी और सूर्य के माध्यम से प्रकृति का सुंदर चित्रण मिलता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता लोकभाषा की सहजता, सरलता और जीवंतता है।
आध्यात्मिक दृष्टि से विचार करने पर हम पाते हैं कि इस महापर्व में शरीर रचना के पंच तत्वों अर्थात ‘क्षिति जल पावक गगन समीरा’ की पूजा या प्रतिष्ठा की जाती है। पवित्र तन-मन, स्वच्छ माहौल और समर्पण भाव से किया जाने वाला यह पर्व मनोकामना-पूर्ति एवं अटूट् विश्वास का पर्व है। बहरहाल छठ महापर्व लोक-आस्था, सामाजिक / धार्मिक समरसता एवं सांस्कृतिक चेतना के विराट उत्सव का पर्व है, जिसमें न पुरोहित है और न कर्मकांड। आज जब समाज कई सामाजिक चुनौतियों से बदस्तूर जूझ रहा है, तब विरासत में प्राप्त यह सांस्कृतिक पर्व हमें सामाजिक समरसता कायम रखने, प्रकृति के प्रति सहिष्णु होने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण निर्माण करने की प्रेरणा देता है। मूलतः यह पर्व बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तरप्रदेश की अस्मिता का गौरव तथा भारतीय लोक-आस्था की अमूल्य धरोहर है।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment