फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव को लेकर टीम मुकेश अग्रवाल ने रविवार को चैंबर की एफिलिएटेड बॉडी के चेयरमैन एवं सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में चैंबर चुनाव को लेकर रणनीति और व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मुकेश अग्रवाल ने कहा कि चैंबर के वर्तमान अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के अधूरे कार्यों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर को चालू कराने के साथ व्यापारी वर्ग की समस्याओं को मजबूती से उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मैं व्यापारी वर्ग की समस्याओं का नेतृत्व करने आया हूं। इस कार्य में हर वर्ग का सहयोग चाहिए।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने टीम मुकेश अग्रवाल पर भरोसा जताते हुए कहा कि टीम मुकेश चैंबर के सदस्यों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड चैंबर को मजबूत बनाने में टीम मुकेश अग्रवाल पूरी तरह सक्षम है। टीम में अनुभवी और ऊर्जावान उम्मीदवार शामिल हैं और चैंबर को एक बेहतरीन टीम मिलने जा रही है।
पूर्व अध्यक्ष कुणाल आजमानी ने कहा कि चैंबर को ऐसा नेतृत्व मिलना चाहिए, जो मुखर होकर सरकार के समक्ष व्यवसायियों और उद्योगपतियों की समस्याओं को रख सके। उन्होंने कहा कि टीम मुकेश अग्रवाल इस भूमिका में खरा उतर रही है। उन्होंने अच्छे लोगों को चैंबर में काम करने का अवसर देने की बात कही।
उद्योगपति पुनीत पोद्दार ने टीम मुकेश अग्रवाल को समर्थन देते हुए कहा कि चैंबर का नेतृत्व ऐसे लोगों के हाथों में होना चाहिए, जो व्यापारी वर्ग की जरूरतों और समस्याओं को समझते हों। उन्होंने कहा कि ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो सरकार के समक्ष व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से रखकर उनके समाधान के लिए प्रयास कर सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य में टीम मुकेश अग्रवाल सक्षम है और व्यापारी वर्ग को इस टीम से पूरी उम्मीद है। बैठक में प्रवीण लोहिया, डॉ. अभिषेक रामाधीन, अमित अग्रवाल, आस्था किरण, निधि झुनझुनवाला, माला कुजूर, भानु जालान, सज्जन अग्रवाल, गौरी शंकर साबू, मनीष वर्मा, नीतेश लोहिया, दीपक गाड़ोदिया, सुभाष जैन, गोपेश गोयनका, एसडी सिंह, विजय हरनलालका, सुनील सिंह चौहान, सुबोध जायसवाल, अंकुर गाड़ोदिया समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment